शामली जनपद के कौराना में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने शनिवार को सपा विधायक नाहिद हसन के चाचा नगर पालिका चेयरमैन के पेट्रोल पंप के अभिलेखों की जांच की। इस दौरान भूमि की पैमाइश भी कराई। एसडीएम ने पेट्रोल पंप संचालक को कुछ और कागज भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
एसडीएम संदीप कुमार, सीओ बिजेंद्र सिंह भड़ाना शनिवार को राजस्व टीम और पुलिस बल के साथ सीओ ऑफिस के बराबर में सपा विधायक नाहिद हसन के चाचा व नगर पालिका चेयरमैन हाजी अनवर हसन के पेट्रोल पंप पर पहुंचे। एसडीएम ने मौके पर मौजूद पंप संचालक अनम हसन से एनओसी आदि कागज देखे। इसके अलावा राजस्व टीम ने पेट्रोल पंप की भूमि की पैमाइश की। एसडीएम संदीप कुमार ने बताया कि पेट्रोल पंप के मानक पूरे नहीं होने की शिकायत मिली थी। साथ ही पंप की भूमि के मालिकाना हक में गड़बड़ी की भी शिकायत है। नगर पालिका के रिकॉर्ड में यहां की सात दुकानें हाजी अनवर हसन के नाम पर दर्ज है। जिनके जमीन के कागजों पर लाइसेंस लिया गया। इससे अलग तीन अन्य दुकानों के नंबर भी थे, जिनकी जांच की जा रही है। पेट्रोल पंप के मानक और जमीन की जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: मुठभेड़ की तस्वीरें: लाडले बेटे को देख छलक उठीं पिता की आंखें, नौ दिन पहले हुआ था जकी का अपहरण, घर में लौटीं ईद जैसी खुशियां
20 वर्ष के इंतजार के बाद दो माह पहले कस्बे में खुला था पेट्रोल पंप
20 वर्ष के लंब इंतजार के बाद करीब दो माह पहले सीओ ऑफिस के बराबर में पेट्रोल व डीजल पंप खुला था। 20 साल पहले तीतरवाड़ा चुंगी के पास एक पेट्रोल पंप था। लेकिन पंप संचालक कैराना छोड़कर मेरठ चला गया था। पेट्रोल पंप बंद हो गया था। कैराना की जनता हरियाणा, शामली या कांधला से ही पेट्रोल डीजल खरीदती थी। साथ ही कैराना की गली मोहल्लों में दुकानों पर बोतलों में पेट्रोल मिलता था। करीब दो माह पहले सीओ ऑफिस के बराबर में पंप खुलने से वाहन चालकों को राहत मिली थी।
यह भी पढ़ें: योगी के बुलडोजर से बड़ी कार्रवाई: सहारनपुर में भूमाफिया की 15 करोड़ की संपत्ति जब्त, देखें तस्वीरें