रालोद सुप्रीमो एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह ने अंकित के पिता सतबीर सिंह से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और परिवार को सांत्वना दी। जयंत सिंह ने कहा कि दुख की इस घड़ी में उनकी और पार्टी की संवेदनाएं परिवार के साथ हैं।
जयंत सिंह ने कहा कि अंकित एक कलाकार था और उसकी सुनियोजित तरीके से हत्या की गई। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है और पुलिस हत्याकांड की जांच में जुटी है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था तभी कायम रह सकती है, जब लोगों का व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी इस मामले को लेकर उनकी बातचीत हुई थी। मुख्यमंत्री इस घटना को लेकर गंभीर थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का प्रयास पहले दिन से ही जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने का रहा है।
जयंत सिंह ने कहा कि आज के समय में पुलिस को अपना काम करने की पूरी आजादी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों तक जल्द पहुंचेगी और परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करेगी। परिजनों से मुलाकात के दौरान जयंत सिंह ने परिवार को भरोसा दिलाया कि वह इस दुख की घड़ी में उनके साथ हैं और न्याय की लड़ाई में परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
ये भी देखें...
दो बदमाश ढेर: अंकित के पिता बोले- योगी सरकार पर था भरोसा, मगर इंसाफ अभी आधा, सभी हत्यारों का हो एनकाउंटर