गांव भूरा में मौके पर पहुंचकर जांच करते एसपी।
- फोटो : अमर उजाला
कैराना के गांव भूरा में उधार दी रकम वापस मांगने पर युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर 70 वर्षीय दुकानदार यासीन की कपड़े से गला घोंटकर हत्या कर दी। सुबह दुकान में वह मृत अवस्था में मिला। मृतक के भतीजे ने दो आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी पास में ही लगे सीसीटीवी में जाते दिखाई दे रहे हैं।
गांव भूरा निवासी अविवाहित यासीन गांव में ही पशु आहार की दुकान करता था। वह रात में दुकान के अंदर ही सोता था। मंगलवार रात रोज की तरह वह दुकान में सोया हुआ था।
सुबह करीब साढ़े छह बजे वह मृत अवस्था में पड़ा मिला। उसके गले में कपड़ा बंधा हुआ था। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। मृतक के भतीजे मुबारिक की तरफ से गांव के नफीस व एक अज्ञात के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
आरोपी नफीस सीसीटीवी में हुआ कैद
दर्ज रिपोर्ट में मुबारिक ने बताया कि उसके ताऊ यासीन से नफीस ने दो लाख रुपये उधार ले रखे थे। ताऊ द्वारा अपने रुपयों की मांग की जा रही थी। रुपये मांगने पर देख लेने की धमकी दी जा रही थी। इसके चलते आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर हत्या कर दी। आरोपियों को पता था कि वह दुकान के अंदर ही सोता है, इसलिए रात के अंधेरे में वहां पहुंचे और दो बजे हत्या कर मौके से भाग गए। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी नफीस मृतक की दुकान की ओर जाता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
एसपी रामसेवक गौतम भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों से भी एसपी ने बातचीत की। एसपी ने शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई हैं।