शहर की टायर मार्केट में सोमवार देर रात दो दुकानों में आग लगने से अफरातफरी मच गई। दुकानों में रखे टायर जलकर राख हो गए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में पांच लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
टायर मार्केट में नौशाद और कल्लू कुरैशी की टायर की दुकानें हैं। सोमवार रात करीब ढाई बजे संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक दोनों दुकानों में आग लग गई। दुकानों के अंदर और बाहर रखे टायरों ने देखते ही देखते आग पकड़ ली। आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर एक घंटे में आग बुझा दी। इस दौरान आग की चपेट में आकर बिजली की लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे दिल्ली रोड से लेकर बुढ़ाना रोड तक की आपूर्ति करीब दो घंटे तक बाधित रही। बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दुकानदार नौशाद ने आरोप लगाया कि किसी अज्ञात महिला द्वारा जानबूझकर आग लगाई गई है। इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आग से मार्ग भी रहा बाधित
आग लगने के कारण टायर मार्केट वाला मार्ग भी कुछ समय के लिए बंद रहा। देर रात बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए थे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आगजनी के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।