शामली जिला अस्पताल में नर्सिंग ऑफिसर से मारपीट के विरोध में स्वास्थ्य कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी। धरना और नारेबाजी के बीच अस्पताल की सेवाएं ठप रहीं और इलाज के लिए आए मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शामली जनपद के जिला अस्पताल में मंगलवार को नर्सिंग ऑफिसर सुमित के साथ हुई मारपीट का मामला गरमा गया है। बुधवार को स्वास्थ्य कर्मचारियों ने इसके विरोध में हड़ताल शुरू कर दी।
कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में धरना देकर जमकर नारेबाजी की। उनका आरोप है कि कुछ तीमारदारों ने सुमित के साथ मारपीट की थी। शिकायत सीएमएस से की गई, लेकिन आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
नाराज कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं की जाती, धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
हड़ताल के कारण जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। कई लोग इलाज न मिलने से परेशान होकर लौट गए।