ट्रक से बोरे उतारे जाने के बाद मौके पर मौजूद लोग।
- फोटो : अमर उजाला
पीसीएफ केंद्र जसाला से हथछोया बी पैक्स समिति के यूरिया खाद के बोरे लादकर जा रहे ट्रक से रास्ते में ऊन बाईपास के पास 200 बोरे जबरदस्ती उतार लिए गए। बुधवार रात इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर प्रशासन में खलबली मच गई। इस मामले में सहायक विकास अधिकारी सहकारिता मुकेश कुमार की तरफ से ऊन चौकी पर बी पैक्स समिति हथछोया की सभापति शीला देवी के पुत्र देवेंद्र कुमार के विरुद्ध लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने सभापति के आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
पीसीएफ केंद्र जसाला से मंगलवार शाम को ट्रक में चालक उदयवीर यूरिया के 500 बोरे लादकर बी पैक्स समिति हथछोया जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में ऊन बाईपास पर हथछोया बी पैक्स समिति की सभापति शीला देवी के पुत्र देवेंद्र कुमार निवासी गांव सांपला ने ट्रक से करीब 200 बोरे यूरिया के उतार लिए और अपने घर ले गया। इसकी जानकारी मिलने पर कुछ किसान मौके पर पहुंच गए। किसानों ने इसका वीडियो बना लिया और अधिकारियों से शिकायत की।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने पर प्रशासन हरकत में आया। इस मामले में डीएम ने सहकारिता विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए। सहायक विकास अधिकारी मुकेश कुमार ने हथछोया बी पैक्स समिति की सभापति के पुत्र देवेंद्र के खिलाफ ऊन चौकी में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी देवेंद्र के खिलाफ लूट की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया। एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि यूरिया के बोरे लूटने के आरोपी देवेंद्र को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है। आरोपी से पूछताछ के बाद यूरिया के 190 बोरे बरामद कर लिए गए हैं।
ट्रक रुकवाकर चालक का मोबाइल फोन लिया
ट्रक चालक उदयवीर ने बताया कि जब वह हथछोया बी पैक्स समिति पर यूरिया खाद के बोरे ले जा रहा था तो रास्ते में समिति की सभापति के पुत्र ने दो तीन लोगों के साथ ट्रक को रुकवा लिया और 200 बोरे यूरिया उतार लिया। चालक का आरोप है कि आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन ले लिया था, जिस कारण वह इसकी कहीं पर सूचना नहीं दे सका था।
ये बोलीं सभापति
जिले में खाद की कमी चल रही है। देवेंद्र ने किसानों की भलाई के लिए उन्हें खाद दिलवाया। अपने घर पर यूरिया का एक भी बोरा नहीं लाया। देवेंद्र को गलत तरीके से फंसाया गया। मामले को लेकर कल अधिकारियों से मिला जाएगा।
- शीला देवी, सभापति, बी पैक्स समिति हथछौया
किसानों ने खाद की कालाबाजारी करने का शक जताया
इस प्रकरण में किसानों ने यूरिया खाद की कालाबाजारी करने का शक जताते हुए अधिकारियों से शिकायत की। किसानों ने बी पैक्स समिति से मिलकर गन्ना समिति के कुछ कर्मचारियों पर यूरिया खाद की कालाबाजारी करने का आरोप लगाया। अधिकारियों द्वारा जांच की तो ट्रक बी पैक्स समिति हथछोया का पाया गया और गन्ना समिति पर लगाए गए आरोप गलत पाए गए। इस बारे में अधिकारी रातभर भाग दौड़ करते रहे। बुधवार को सुबह बी पैक्स समिति पर कोई भी कर्मचारी नहीं पहुंचा, जबकि पुलिस समिति के कर्मचारियों से संपर्क करती रही। इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी सहकारिता मुकेश कुमार ने बताया कि समिति के कर्मचारी वसूली हेतु क्षेत्र में गए हुए थे।
कर्मचारी पर आरोपों की सीएम से एक्स पर शिकायत
एसपी कार्यालय के एक कर्मचारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक्स पर शिकायती पत्र भेजा है। शिकायतकर्ता ने अपना नाम नहीं लिखते हुए कहा कि उस कर्मचारी से साठगांठ रखने वाले पुलिसकर्मी परेड में नहीं जाते। वह कर्मचारी अपने लोगों की मनचाही जगह तैनाती दिला रहा है। एक्स पर भेजी शिकायत के जवाब में एसपी रामसेवक गौतम ने शामली पुलिस की तरफ से पूरे प्रकरण की जांच सीओ सिटी को सौंपे जाना बताया है। उधर, एसपी का कहना है कि स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण वह आराम कर रहे थे। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोप निराधार है। अगर किसी की कोई शिकायत या समस्या है तो वह उन्हें जानकारी दे सकता है।