शामली में दो दिन में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर दो चचेरे भाइयों से ढाई लाख रुपये ठग लिए। ठगी के इस खेल में बाबरी थाने पर तैनात दो पुलिसकर्मियों की संलिप्तता पाई गई। इस मामले में दोनों सिपाहियों समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने दोनों सिपाहियों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
कांधला थाना क्षेत्र के गांव पंजोखरा निवासी शुभम की तरफ से बाबरी थाने पर दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसके साथ पूर्व में कॉलेज में पढ़ने वाले दीपक निवासी गांव रसीदगढ़ व उसके साथी सरफराज निवासी गांव काजीपुरा ने उसे व उसके चचेरे भाई अंकित को दो दिन में रकम दोगुनी करने की योजना बताई। 27 मई को उसने अपने भाई अंकित के साथ थानाभवन जाकर दीपक व सरफराज को 1.70 लाख रुपये नकद दिए। दो दिन बाद उनसे अपने दोगुने रुपये मांगे तो उन्होंने कहा कि पहले पूरे ढाई लाख रुपये देने होंगे। इसके बाद वे दुगने होंगे। उसने एक जून को 80 हजार रुपये सरफराज के घर जाकर दिए। शुभम के मुताबिक, वहां से दीपक व सरफराज अपने साथियों के साथ उसे कार में लेकर लालू खेड़ी के पास पहुंचे और वहां आरोपियों ने उसे मारपीट कर भगा दिया। उसने अंकित को बुटराड़ा बस स्टैंड पर बुलाया और डायल 112 पुलिस को घटना की सूचना दी।