गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के गढ़ी अब्दुल्ला खां के रहने वाले विनोद कुमार ने थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि सोमवार रात करीब 10:30 बजे उनका पुत्र अंकुर और उसका दोस्त अरविंद मेन बाजार में अरबी मदरसे के पास पटाखे छुड़ाने गए थे।
आरोप है कि गढ़ी के ही युवक और उसके साथियों ने पटाखा छुड़ाने से मना किया। इसे लेकर नोकझोंक हो गई। इस दौरान आरोपी के साथ पलठेडी के 12 से अधिक लोग मौके पर आ पहुंचे और लाठी डंडों व तेज धार हथियारों से हमला कर दिया। अरविंद और अंकुर घायल हो गए। दोनों को ऊन सीएचसी में भर्ती कराया गया।
सूचना पर एएसपी मौके पर पहुंचे। एएसपी ने बताया कि मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। आठ लोगों को हिरासत में लिया है। उधर, सुरक्षा की दृष्टि से मंगलवार को पुलिस ने गांव में फ्लैग मार्च भी निकाला।