एसपी रामसेवक गौतम और सीओ श्रेष्ठा ठाकुर ने बताया कि थानाभवन थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना और उनकी टीम के सदस्य मंगलवार रात जलालाबाद क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच लुहारी मार्ग पर गोशाला के पास पिकअप को रुकवाने का प्रयास किया मगर चालक ने पिकअप को दौड़ा लिया। पीछा करने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में गोली लगने से मुजफ्फरनगर के नियाजपुरा का रहने वाला फैजान घायल हो गया। गोली लगते ही वह बोला अब मत मारना।
पुलिस ने फैजान के अलावा मुजफ्फरनगर के बघरा के आमिर, झिंझाना के मुस्तकीम को गिरफ्तार कर लिया। तीनों ने पूछताछ में बताया कि वह पंजाब के लुधियाना, हरियाणा के पानीपत, करनाल में पशु चोरी करते थे। ये अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य हैं, जिन पर छह से अधिक मामले दर्ज हैं। एसपी ने कहा कि गिरोह के फरार सदस्यों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घेर में बंधे पशुओं को कर रहे चोरी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उन घेरों से पशु चोरी करते हैं, जिनमें परिवार का कोई सदस्य नहीं रहता। दिन में रेकी करते हैं और रात में चोरी कर पिकअप में पशुओं को लादकर ले जाते थे।