बेटे की शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे रिटायर्ड डीडीए कर्मचारी बहावड़ी निवासी 63 वर्षीय सुरेंद्रपाल की स्कूटी सिक्का चौकी क्षेत्र में पेपर फैक्ट्री के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। 11 दिसंबर को बेटे की शादी होनी है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन हादसे के बाद खुशियां मातम में बदल गईं। हादसा दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर सिक्का गांव के पास पेपर फैक्ट्री के बाहर हुआ।
गांव बहावड़ी निवासी सुरेंद्र पाल पुत्र मंगत दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) से करीब दो साल पहले सेवानिवृत्त हुए थे। वह बेटे की शादी के कार्ड बांटने और ननौता से दवाई लेने गए थे। वहां से स्कूटी पर थानाभवन की ओर से शामली लौट रहे थे। बेटे भानू ने बताया कि सिक्का चौकी क्षेत्र में पेपर फैक्ट्री के बाहर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पास पहुंचते ही उनकी स्कूटी ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुरेंद्र पाल की मौके पर ही मौत हो गई।
11 दिसंबर को होनी है बेटे की शादी
परिजनों के अनुसार, सुरेंद्र पाल के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। बेटा भानू मलिक कोटा में शिक्षक है। 11 दिसंबर को उसकी शादी होनी है। सुरेंद्र पाल शादी की तैयारियों में जुटे थे और रिश्तेदारों व परिचितों को कार्ड बांट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी राकेश का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे को भी पिता की मौत की सूचना दी गई। तुरंत ही वह घर पहुंचा। सीओ जितेंद्र यादव का कहना है कि मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
हाईवे पर सड़क किनारे खड़े रहते हैं ट्रक
स्थानीय निवासी कांधला के लीलू, सचिन कुमार, महेंद्र सिंह के अनुसार, दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर पेपर फैक्ट्री के बाहर सड़क के दोनों ओर 20 से अधिक ट्रक खड़े रहते हैं। रात और कोहरे के समय ये वाहन हादसों का कारण बन सकते हैं। सड़क पर पर्याप्त जगह नहीं मिलने से दूसरे वाहन चालकों को परेशानी होती है। लोगों ने सड़क किनारे खड़े ट्रकों को हटवाने की मांग की है। एआरटीओ प्रवेश कुमार का कहना है कि सड़क किनारे खड़े ट्रकों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।
ये भी देखें...
बिजनौर: दोस्त की बहन की शादी में आए तीन युवक, 10 लाख की नगदी और जेवर लेकर फरार, पुलिस कर रही तलाश