गांव बहावड़ी में बीती रात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। लाइट न होने की वजह से पूरा परिवार छत पर सोया हुआ था। बंदरों ने सीसीटीवी के तार काट रखे थे, इसकी कारण चोरों का फिलहाल सुराग नहीं लग पाया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव बहावड़ी में रात को यूपी पुलिस के दरोगा अंकुर मलिक के घर से बदमाशों ने करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर और 70 हजार रुपये चोरी कर लिए। सुबह होने पर चोरी होने का पता चला। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
विज्ञापन
किसान कृष्णपाल सिंह, रविंद्र और ऋषिराज तीनों भाइयों का परिवार संयुक्त रूप से एक ही घर में रहता है। कृष्णपाल का बेटा अंकुर मलिक यूपी पुलिस में दरोगा है और वर्तमान में आगरा में तैनात है। जबकि ऋषिराज का बेटा लक्ष्य मेरठ में यूपी पुलिस में सिपाही है। बृहस्पतिवार की रात को गांव की बिजली खराब होने पर इनवर्टर से एक पंखा चलाकर कृष्णपाल की पत्नी मंजू, उसके बेटे अंकुर की पत्नी व ऋषिराज की लड़की दूसरी मंजिल पर कमरे के बाहर बरामदे में सोए थे, जबकि ऋषिराज का लड़का लखन तीसरी मंजिल पर कमरे के बाहर छत पर सोया था। कृष्णपाल और ऋषिपाल घेर में सोए थे। घर के नीचे के कमरे और ऊपर के कमरे में कोई नहीं था।
परिजनों के अनुसार, देर रात बदमाश पीछे से छत के रास्ते घर में घुसे। नीचे बने कमरे और ऊपर के एक कमरे से अलमारी, बेड व संदूक आदि को खंगालकर करीब दस तौला सोने के जेवर, 40 तौला चांदी के जेवर और करीब 70 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। घटना का पता सुबह चलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
सीओ सिटी अमरदीप मौर्य, कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और जांच पड़ताल की। पीड़ित किसान की तरफ से शहर कोतवाली में तहरीर दी गई है।
ड्यूटी पर गया है दरोगा अंकुर मलिक
दरोगा अंकुर मलिक अपनी ड्यूटी पर गया हुआ है जबकि पत्नी व बच्चे गांव में रहते हैं। लक्ष्य की एक माह पहले ही शादी हुई है। लक्ष्य व उसकी पत्नी घर के पीछे की तरफ बने मकान में सोए थे। रविंद्र तीन-चार दिन से हरिद्वार गए हुए हैं।
सीसीटीवी कैमरे मिले खराब
गांव में कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। जब पुलिस ने फुटेज देखी चाही तो वे बंद मिले। ग्रामीणों ने बंदरों के तार काटने की वजह से सीसीटीवी कैमरे बंद होना बताया।