कैराना सीएचसी में मृतक के परिजनों की भीड । संवाद
कैराना (शामली)। आर्यपुरी बाईपास के निकट हाईवे के कट पर दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में किसान कासिम की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए है।
नगर के मोहल्ला आर्यपुरी निवासी कासिम (45) का खेत भूरा-जगनपुर रजबहे की पटरी के निकट स्थित है। बृहस्पतिवार दोपहर करीब ढाई बजे किसान अपने भाई राशिद के साथ बाइक से खेत के लिए जा रहा था। आर्यपुरी बाईपास के पास हाईवे के कट से जैसे ही किसान बाइक क्रॉस कर रहा था, तभी वहां से गुजर रही तेज रफ्तार बाइक से भिड़ंत हो गई। हादसे में कासिम, उसका भाई राशिद के अलावा दूसरी बाइक पर सवार शुभम निवासी विद्यानगर कॉलोनी पानीपत हरियाणा व मोनू निवासी सहारनपुर घायल हो गया।
राहगीरों की मदद से घायलों को सीएचसी ले जाया गया। जहां से कासिम को गंभीर हालत के चलते रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन घायल को लेकर पानीपत हॉस्पिटल ले रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजन शव को लेकर कोतवाली में पहुंचे। जहां से उन्हें सीएचसी भेजा गया। सीएचसी में भी चिकित्सकों ने कासिम को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, किसान की मौत के बाद अस्पताल में परिजनों और मोहल्लेवासियों की भीड़ जमा हो गई। किसान के दो बेटे और एक बेटी है। हादसे से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि तहरीर आने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
कैराना सीएचसी में मृतक के परिजनों की भीड । संवाद
कैराना सीएचसी में मृतक के परिजनों की भीड । संवाद