Shamli News: प्रेम प्रसंग में बाधा बनने पर मैफरीन ने अपने प्रेमी तसव्वुर और उसके साथियों से अपने पति शाहनवाज की हत्या करा दी। दो बच्चों की मां मैफरीन ने अपने स्वार्थ को सबसे ऊपर रखा। न पति और न ही बच्चों के बारे में सोचा।
खुरगान रोड पर प्रेम प्रसंग में बाधक बनने के शक में मैफरीन ने अपने पति शाहनवाज की हत्या करवा दी। पुलिस पूछताछ में मैफरीन ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। वह इद्दत पूरी होते ही अपने प्रेमी तसव्वुर से शादी कर हरियाणा में बसने की योजना बना रही थी। पुलिस ने आरोपी मैफरीन के प्रेमी तसव्वुर और उसके साथी शोएब को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
विज्ञापन
मैफरीन को जेल ले जाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
कांधला क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत निवासी मैफरीन का विवाह 2016 में हरियाणा के सोनीपत के थाना गन्नौर के गांव झारागढ़ी निवासी शाहनवाज से हुआ था। मैफरीन के दो बेटे हैं, 8 और 6 वर्ष के। पति शाहनवाज की खाला के लड़के तसव्वुर के साथ मैफरीन का प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस के अनुसार, शाहनवाज ने कई बार दोनों को बात करते हुए देखा और पत्नी के साथ मारपीट भी की।
शाहनवाज की फाइल फोटो और विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
प्रेम संबंध में बाधा बनने पर मैफरीन और तसव्वुर ने दो बार पहले भी शाहनवाज की हत्या की साजिश रची थी। छह माह पहले शाहनवाज ने पिटाई की तो मैफरीन ने तसव्वुर को फोन किया था। पूछताछ में मैफरीन ने बताया कि दोनों ने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी, लेकिन पहले यह योजना सफल नहीं हो पाई थी क्योंकि हत्या घर पर होने पर मैफरीन फंस सकती थी।
पुलिस के अनुसार मैफरीन और तसव्वुर के बीच लगातार तीन से चार घंटे तक फोन पर बातचीत होती रहती थी, जो कॉल डिटेल में भी दर्ज है। एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि वांछित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
यह है मामला
हरियाणा के सोनीपत के गन्नौर थाना क्षेत्र के गांव झारागढ़ी निवासी शाहनवाज बृहस्पतिवार को सुबह लगभग 9:30 बजे बाइक पर सवार होकर खुरगान गांव में ममेरे साले की शादी में डेढ़ लाख रुपये की नोटों की माला लेकर जा रहा था। बाइक पर उसकी पत्नी मैफरीन भी साथ थी। अचानक खुरगान रोड पर चार बदमाशों ने बाइक रोककर शाहनवाज पर चाकू और गोली से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने डेढ़ लाख रुपये और बाइक की लूट का आरोप बदमाशों पर लगाया था।
करीब 10 घंटे बाद ही एसपी ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी मैफरीन, उसके प्रेमी तसव्वुर और भूरा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मैफरीन ने पति की हत्या की साजिश अपने प्रेमी और साथियों के साथ मिलकर रचने की बात स्वीकार की थी।
पत्नी के सामने की थी हत्या, मुस्कान से भी शातिर निकली
मैफरीन के सामने ही उसके प्रेमी और अन्य ने शाहनवाज की गोली मारकर और चाकू से हमला कर हत्या की थी। मैफरीन मेरठ की मुस्कान से भी शातिर निकली, कोड वर्ड से वह पति की लोकेशन आरोपियों को दे रही थी। बाद में रोने का भी ड्रामा किया और तहरीर में गोली लगने का जिक्र तक नहीं किया था, जिसके कारण पुलिस को उस पर शक हुआ था। सिर्फ चाकू से हत्या का जिक्र किया गया था।