शामली। गांव हसनपुर निवासी दो लोगों ने गांव के युवक पर नौकरी लगवाने के नाम पर सात लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर शहर कोतवाली में आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गांव हसनपुर निवासी सुशील कुमार व जोनी ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने गांव के अमित कुमार के पास अपनी कमेटी डाल रखी थी। कमेटी का समय पांच माह पहले पूरा हो चुका है। उन्होंने सभी किस्त समय पर जमा की। कमेटी की आखिरी किस्त के रुपये उन्हें मिलने थे, लेकिन आरोपी अमित ने उन्हें रुपये नहीं दिए।
पीड़ित के मुताबिक अमित ने दो वर्ष पूर्व उसे बताया था कि उसका भाई श्रीराम पिस्टल कंपनी में गाजियाबाद नौकरी करता है और वहां लेबर के अंदर उसकी स्थायी नौकरी लगवा देगा। इसके बदले उससे तीन लाख रुपये देने को कहा। डेढ़ लाख रुपये पहले और डेढ़ लाख रुपये नौकरी लगने के बाद तय हुए। इसके बाद उसने ऑनलाइन डेढ़ लाख रुपये अमित को दे दिए थे। इस तरह से साढ़े तीन लाख रुपये कमेटी के और डेढ़ लाख रुपये नौकरी लगवाने के कुल पांच लाख रुपये आरोपी ने हड़प लिए।
पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। सीओ सिटी जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।