शामली में कई दिन से भयंकर उमस और गर्मी के बाद शुक्रवार दोपहर मौसम ने करवट बदली। सवा घंटे तक झमाझम बरसात हुई। बरसात ने गर्मी से राहत दी, मगर शहर के कई इलाके जलभराव के कारण परेशानी में घिर गए।
शुक्रवार दोपहर करीब सवा बजे आसमान में घटा छायी और फिर बरसात शुरू हो गई। करीब ढाई बजे तक बरसात होती रही, जिससे कई दिन के गर्मी और उमस ने थोड़ी राहत दी। उधर, बरसात के कारण शामली के नेहरू मार्केट, कबाड़ी बाजार, टंकी रोड, पंसारियान, ब्लाक रोड आदि इलाकों में जलभराव हो गया।
पूर्वी यमुना नहर के जिलेदार अंबुज कुमार के मुताबिक शुक्रवार दोपहर 32 मिलीमीटर पानी बरसा। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डाॅ. पीके सिंह ने बताया कि शुक्रवार को आर्र्दता 80% रही। तीन चार दिन लगातार बरसात होने का अनुमान है।
वहीं, शुक्रवार को मौसम का मिजाज लगातार बदलता रहा। सुबह सूरज की किरणें आग उगल रही थीं, तो मौसम में उमस बढ़ गई। पंखे कूलर के आगे भी पसीना छूट रहा था। वहीं, दोपहर सवा बजे बरसात होने पर गर्मी से थोड़ी राहत मिली, मगर उसके बाद शाम तक उमस बनी रही।