फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लाइन में अब सीनियर सिटीजन

Sat, 19 Nov 2016 11:57 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, शामली
विज्ञापन
public news - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
शामली/कैराना। नोट एक्सचेंज करने के लिए शनिवार को सिर्फ बुजुर्ग ही लाइन में लगे दिखाई दिए। कई कई घंटे खड़े रहने के बाद ही सीनियर सिटीजन नोट बदलने में कामयाब हुए। वहीं, पुराने नोट जमा कराने के लिए सभी बैंक शाखाओं पर लोगों की भीड़ तो रही, मगर अन्य दिनों की अपेक्षा शनिवार को कुछ कमी नजर आई। 
विज्ञापन


केंद्र सरकार ने नोट एक्सचेंज करने की लिमिट साढ़े चार हजार रुपये से दो हजार कर दी। साथ ही आदेश जारी कर दिया कि शनिवार से सिर्फ सीनियर सिटीजन के ही नोट बदले जाएंगे और वह भी सिर्फ खाता धारकों के।

इसके चलते शनिवार को शामली की एमएसके रोड स्थित एसबीआई, वर्मा मार्केट स्थित केनरा बैंक, पालिका मार्केट और मार्शगंज मंडी स्थित पीएनबी, धीमानपुरा स्थित ओरियंटल बैंक आफ कामर्स तथा शहर की अन्य बैंक शाखाओं पर सीनियर सिटीजन की भीड़ नोट बदलवाने को लाइन में लगी रही।
विज्ञापन


इसके अलावा पुराने नोट जमा कराने के लिए शनिवार को भी अधिकांश बैंकों पर ग्राहकों की काफी भीड़ रही। बैंक शाखाओं पर सुरक्षा के लिहाज से पुलिस भी अलर्ट रही। एसबीआई शाखा पर सड़क तक भीड़ पहुंचने के कारण हंगामे के आसार हो गए। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने हंगामा करने वाले ग्राहकों को शांत किया। 

उधर, कैराना में बैंकों के बाहर शनिवार को भी ग्राहकों की लंबी लाइन लगी रही। लेकिन बैंकों में कैश नहीं होने के कारण अधिकतर लोगों को मायूस ही लौटना पड़ा। शादी वाले परिवारों के कुछ लोगों ने बताया कि शादी वालों के लिए ढाई लाख रुपये निकाल सकते हैं। लेकिन शनिवार को शादी के कार्ड दिखाने के बावजूद पर्याप्त कैश नहीं मिल पाया। एक व्यक्ति का कहना था पीएनबी में शादी के लिए पैसा लेने के लिए प्रबंधक ने उसे एसडीएम या डीएम से अनुमति दिलाकर पैसे देने की बात कही। इसके बाद सिर्फ दस हजार रुपये ही निकालने को कहा गया। 

आरबीआई की गाइड लाइन का होगा पालन
कलक्ट्रेट पहुंचे सहारनपुर मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल से जब पूछा गया कि नोट बदलने में ग्राहकों को परेशानी हो रही है तथा बैंक कर्मी मनमानी कर रहे हैं। इस पर मंडलायुक्त ने कहा कि आरबीआई की गाइड  लाइन का पालन कराया जाएगा। यदि किसी बैंक शाखा में ग्राहकों को परेशान किया जा रहा है, तो उसके बारे में जानकारी मिलने पर   कार्रवाई कराई जाएगी। मंडलायुक्त ने कहा कि बैंक शाखाओं में जितनी करेंसी पहुंच रही है, उसके हिसाब से नोट बदलने का कार्य कराया जाए। किसी भी ग्राहक को परेशान नहीं किया जाना चाहिए। 

शादी वाले मांग रहे ज्यादा धनराशि 
शामली की एसबीआई शाखा में शनिवार को आठ लोगों ने प्रार्थना पत्र देकर कहा कि उनके यहां शादी समारोह है, जिसके लिए धनराशि की आवश्यकता है। ऐसे ग्राहकों से बैंक अधिकारियों ने शादी कार्ड, शपथ पत्र, आधार कार्ड तथा पैनकार्ड के साथ आवेदन लिया जा रहा है। अन्य बैंक शाखाओं में भी शनिवार को ऐसे काफी लोग पहुंचे, जिनका कहना था कि बैंक कर्मी पर्याप्त धनराशि खातों से निकलवाने में मना कर रहे हैं।

कैश नहीं मिलने पर बैंक में हंगामा, मैनेजर से अभद्रता 

शामली। काबडौत में स्थित सर्व यूपी ग्रामीण बैंक में कैश नहीं मिलने से गुस्साई भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया। शोर-शराबा सुनकर बाहर आए मैनेजर से कुछ लोगों ने अभद्रता की।

मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस ने मामले को शांत कराया। बैंकों में नोट बदलने के लिए लाइन कम नहीं हो रही है। शनिवार को काबडौत स्थित सर्व यूपी ग्रामीण बैंक में कैश लेने के लिए सुबह से ही लाइन लग गई थी। बैंक खुलने के बाद भी जब लोगों को कैश नहीं मिला तो लोगों ने हंगामा कर दिया।

इस दौरान बैंक मैनेजर राजेश कुमार मौके पर  पहुंचे और कहा कि कैश नहीं है। आरोप है कि इसके बाद कुछ लोगों ने उनसे अभद्रता कर डाली। इसकी सूचना पर शामली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से बात की और उन्हें शांत किया। लोगों का आरोप था कि कई दिनों से लाइन में लगे हुए है। लेकिन बैंक में कैश नहीं दिया जा रहा है। उधर, बैंक मैनेजर का कहना है कि अधिक मांग के कारण कैश की किल्लत हो रही है। इससे परेशानी हो रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें