बिजनौर। पीलीभीत जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। जी हां, अब पीलीभीत के लिए दूसरी बस सेवा शुरू कर दी गई है। अभी तक बिजनौर डिपो से पीलीभीत के लिए केवल एक ही बस संचालित हो रही थी।
बिजनौर डिपो से नए रूटों पर बसों को संचालित किया जा रहा है। इनमें से एक पीलीभीत मार्ग पर बस बढ़ाई गई है। बिजनौर डिपो से पहले पीलीभीत के लिए सुबह पांच बजे बस जाती थी, जो 10 बजे वहां पहुंचती थी। इसके बाद 11 बजे वहां से बिजनौर के लिए वापसी करती थी। अब एक और बस सुबह को सात बजे पीलीभीत भेजी जा रही है। जो दोपहर 12 बजे यात्रियों को वहां पहुंचा रही है। साथ ही इसी दिन बस वापसी बिजनौर आ रही है।
इससे पीलीभीत जाने वाले यात्रियों को काफी फायदा मिलेगा। इससे पहले बिजनौर से रूद्रपुर के लिए सीधे बस सेवा शुरू की गई है। डिपो इंचार्ज मुकेश कुमार ने बताया कि पीलीभीत जाने वाले यात्रियों को दूसरी बस सेवा संचालित होने से काफी फायदा मिलेगा। यात्रियों की संख्या को देखते हुए पीलीभीत के लिए दो बस भेजी जा रही हैं।