कैराना। एसडीएम ने कैराना और भूरा में सरकारी गेहूं खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गेहूं के रखने की व्यवस्था और कोविड गाइड लाइन के बारे में जानकारी ली।
शनिवार को एसडीएम उद्भव त्रिपाठी कैराना में आर्यपुरी बाईपास स्थित सरकारी गेहूं खरीद केंद्र पर पहुंचे। उन्होंने केंद्र पर बेचने के लिए गेहूं लेकर पहुंचे किसान से गेहूं के बारे में जानकारी ली। केंद्र प्रभारी सुशील साहू ने बताया कि बारिश के एक दिन पहले ही उन्होंने गोदाम के अंदर रखा सारा गेहूं ट्रक द्वारा बड़े सरकारी गोदाम पर भेज दिया था। उनके पास भी गेहूं रखने के लिए पक्का गोदाम मौजूद है।
एसडीएम ने केंद्र पर सैनिटाइजर, हाथ साफ करने के लिए पानी साबुन की व्यवस्था भी देखी। इसके अलावा उन्होंने भूरा स्थित सरकारी गेहूं खरीद केंद्र का भी निरीक्षण किया। बताया कि दोनों केंद्रों पर बारिश में गेहूं नहीं भीगा है। साथ ही वहां मौजूद प्रभारी और कर्मचारियों को कोविड गाइड लाइन का सख्ती से पालन कराने की हिदायत दी गई है।