बाबरी (शामली)। गांव ताना के बाद अब बाबरी थाना क्षेत्र के गांब खेड़ी बैरागी के जंगल में स्थित म्हाडी गोगा वीरजी की दो मूर्तियों को असामाजिक तत्वों ने खंडित कर दिया। पुलिस ने मूर्तियों की मरम्मत शुरू करा दी गई है।
शामली-मुजफ्फरनगर मार्ग पर गांव खेड़ी बैरागी के जंगल में जाहरवीर गोगा वीर जी की म्हाड़ी है। बृहस्पतिवार रात असामाजिक तत्वों ने दो मूर्तियों को खंडित कर दिया। सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रोष व्यक्त किया। सूचना मिलने पर सीओ थाना भवन अमित सक्सेना और बाबरी थानाध्यक्ष नेमचंद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर शांत किया। पुलिस ने राजमिस्त्री कारीगरों को बुलवाकर मूर्तियों की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया है। म्हाड़ी गोगा वीर जी के पुजारी अनिल कुमार की तहरीर पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीओ भवन अमित सक्सेना ने बताया कि गांव में शांति व्यवस्था कायम है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल मौके पर तैनात की गई है। गौरतलब है कि सोमवार रात को गढ़ी पुख़्ता क्षेत्र के गांव ताना में स्थित धर्मस्थल में भी मूर्ति को खंडित कर दिया गया था।