शामली में माजरा रोड पर धूप से बचने के लिए चुन्नी ढ़क कर जाती छात्राएं । संवाद
शामली। सोमवार को भीषण गर्मी और लू ने लोगों को बेहाल कर दिया। इससे अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 42 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जबकि न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री बढ़कर 28 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है।
सोमवार को सुबह से ही चिलचिलाती धूप निकली। दस बजे से से ही लू चलने लगी। दोपहर में हवा इतनी गर्म रही कि घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। लोग धूप और लू से बचने के लिए घरों में ही रहे और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकले। दोपहर 12 बजे के बाद बाजार और सड़कों पर भी सूनापन ही पसरा हुआ था।
शाम पांच बजे के बाद धूप हल्की होने पर लोग घर से बाहर निकल सके। भीषण गर्मी के चलते पंखे व कूलर में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं दे पाए। जिले में तापमान की स्थिति देखे तो पिछले 24 घंटे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक-एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है, जबकि बीते पांच दिनों में अधिकतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस बढ़ गया है। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ की मौसम वैज्ञानिक डॉ. श्वेता सिंह ने बताया कि मौसम शुष्क रहने और तापमान बढ़ने के आसार है।
पिछले पांच दिन में तापमान की स्थिति
तिथि - अधिकतम - न्यूनतम
14 मई - 36 - 26
15 मई - 38- 26
16 मई - 40 - 26
17 मई - 41 - 27
18 मई - 42 - 28