गढ़ीपुख्ता। थानाक्षेत्र के गांव मालेंडी निवासी महिला अनामिका ने अपने पति स्कूल संचालक संजीव धनकर की अपहरण कर हत्या की आशंका जताई है। एसपी के आदेश पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
गांव मालेंडी निवासी महिला अनामिका ने एसपी रामसेवक गौतम को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका इकलौता पुत्र अभिनव मकान का मालिक है, जो अमेरिका में रहता है। उसने किसी को मकान नहीं बेचा। उनका दूसरा मकान देहरादून में है। 12 मार्च को वह अपने पति संजीव धनकर के साथ देहरादून से आई थी। रात में गढ़ीपुख्ता में परिचित के यहां रुके और अगले दिन मालेंडी पहुंचे। उनके पति अपने स्कूल में रुक गए और वह अपने घर पहुंची तो वहां पर संजू, कृष्णपाल, अनुज, मनोज आए और उसके साथ गाली गलौच कर जबरदस्ती घर से खींचकर बाहर निकाल दिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी जबरदस्ती मकान पर कब्जा करना चाहते हैं। आरोपियों ने दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के मुताबिक उसने अपने पति से फोन पर संपर्क किया तो उनका फोन बंद आया। पीड़िता ने आरोपियों पर पति का अपहरण कर हत्या की आशंका जताते हुए एसपी से कार्रवाई की मांग की। एसपी के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, डीजीपी, कमिश्नर, डीएम को भी भेजी गई है।
एसपी का कहना है कि यह मामला मकान के विवाद का सामने आया है। कॉल डिटेल के आधार पर व अन्य माध्यमों से मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उधर, पीड़िता दो दिन पहले देहरादून लौट गई।