सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त स्कूल बस।
- फोटो : अमर उजाला
शामली से बनत की ओर जा रहे बाइक सवार सामने से आ रही स्कूल बस से टकराकर घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस से सीएचसी भिजवाया। जिनमें से एक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की अस्पताल पहुंचते ही सांसें थम गईं। घटना की सूचना पर आदर्श मंडी पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया। मृतकों के परिजन की ओर से बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के गांव मालेंडी निवासी कृष्णपाल (50) और रण कुमार बाइक पर शामली की ओर से बनत जा रहे थे। जैसे ही वह एआरटीओ कार्यालय के सामने पहुंचे तो उनकी बाइक सामने से आ रही मेपल्स स्कूल की बस से टकरा गई। हादसे में दोनों बाइक सवार घायल हो गए। बस चालक गाड़ी को छोड़कर मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने 108 एंबुलेंस के माध्यम से दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया।
इनमें से रणकुमार ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जबकि कृष्णपाल की अस्पताल पहुंचते ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर दोनों के परिजनों में कोहराम मच गया। उधर, घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। कृष्णपाल के परिजन की ओर से बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। बाइक चालक ने हेलमेट पहन रखा था, हादसा इतना भीषण था कि हेलमेट भी टूट गया।