शामली। जिला गाजियाबाद के थाना मसूरी के नहाल गांव में बदमाशों और पुलिस के बीच फायरिंग में शामली के गांव बधेव निवासी यूपी पुलिस के सिपाही सौरभ देशवाल बलिदान हो गए थे। दूसरे दिन भी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। शहीद सिपाही की मां मुकेश, पत्नी आयुषी बार-बार बेहोश हो रहीं थीं। दोनों ने खाना तक नहीं खाया। कहा कि अब तो उनका सब कुछ बर्बाद हो गया, उनके पास कुछ नहीं बचा है।
दूसरे दिन थानाभवन विधायक अशरफ अली, शामली सदर विधायक प्रसन्न चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष तेजेंद्र सिंह निर्वाल पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए पहुंचे। कहा कि वह पीड़ित परिवार के साथ हैं। हर हाल में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
- दुखद घटना है। जिन लोगों ने वारदात को अंजाम दिया है उन्हें सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में वह इस तरह की वारदात को अंजाम नहीं दें। - अशरफ अली, विधायक, थानाभवन
- सिपाही सौरभ शहीद हुए हैं। उनके हत्यारों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। पुलिस पर पूरा विश्वास है। - प्रसन्न चौधरी, सदर विधायक शामली
- भाई, बहुत व्यस्त हूं, जल्द घर आऊंगा
मृतक के मामा के लड़के प्रभात और बुआ के लड़के अभिनव ने बताया कि सौरभ से दो दिन पूर्व ही फोन पर बात हुई थी। सौरभ ने कहा था कि जल्द ही वह घर पर आएगा।अभी ज्यादा व्यस्त चल रहा है। हमें भी गाजियबाद का बुलावा दिया था।
- हत्यारों को मिले ऐसी सजा, भविष्य में न करें किसी की हत्या
मृतक के पिता उत्तम कुमार का कहना है कि उनका बेटा शहीद हो गया है, बेटे पर उन्हेंं फक्र हैं। हत्यारों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए जो भविष्य में वह किसी की हत्या करने के बारे में सोचे भी नहीं। पिता की आंखें बार-बार नम हो रहीं थीं। उधर, ग्रामीण मनोज कुमार, बाबूराम, चंदगी ने हत्यारों को फांसी की सजा दिलाने की मांग की है।
पढ़ने में होशियार था सौरभ
आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव बधेव निवासी सौरभ देशवाल 2016 में पुलिस में भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती नोएडा में एसओजी में थी। पिता ने बताया कि सौरभ पहले से ही पढ़ने में होशियार था। उसने बीकॉम किया हुआ था। पहले ही प्रयास में वह पुलिस में भर्ती हो गया था। दूसरों को भी कड़ी मेहनत के लिए प्रेरित करता था।
- दिनभर सोशल मीडिया पर भी दुख जताते रहे लोग
सिपाही सौरभ की मौत के बाद सोशल मीडिया फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम पर भी लोग उसकी शहादत को याद करते रहे। लोगों ने रील बनाकर श्रद्धांजलि दी। शामली के रमन ने कहा कि सौरभ युवाओं के लिए सीख है, हर किसी को प्रेरणा लेनी चाहिए। सादिक ने कहा, हत्यारों को तुरंत एनकाउंटर कर मौत के घाट उतारा जाए, ताकि किसी के लाल को छीनने से पहले कई बार सोचने को मजबूर होना पड़े।
शामली क्षेत्र के गांव बधेव निवासी सिपाही सौरभ देशवाल का फाइल फोटो ।- फोटो : स्रोत : संगठन