शामली क्षेत्र के गांव भैंसवाल निवासी लोकेश उर्फ सिमरन का फाइल फोटो।
- फोटो : SHAMLI
बहन की हत्या कर शव साइकिल पर ले गया था सतवीर
गढ़ीपुख्ता (शामली)। भैंसवाल गांव में संपत्ति के लिए बहन की हत्या करने के बाद आरोपी सतवीर शव बोरे में साइकिल पर लादकर ले गया था। कमर में ईंट बांधकर शव नाले में फेंक दिया था। गांव का ही संतु भी इस घटना में शामिल रहा। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।
गांव भैंसवाल में शुक्रवार को रोशन पुत्र हरि सिंह के नलकूप के पास नाले में महिला का शव मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शनाख्त कराने का काफी प्रयास किया गया था, लेकिन तब सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव को मोर्चरी भेज दिया था। रविवार को शव की शनाख्त 30 वर्षीय लोकेश उर्फ सिमरन पुत्री श्रीचंद निवासी ग्राम भैंसवाल के रूप में हुई। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया था। सिमरन की बड़ी बहन मिथिलेश पत्नी कृष्णपाल ने बड़े भाई सतवीर पर संपत्ति के विवाद में सिमरन की हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी थी।
जिसमें बताया कि वह दो भाई यशपाल व सतवीर और तीन बहनें थीं, चार बहन-भाइयों की शादी हो चुकी है। लोकेश उर्फ सिमरन की शादी नहीं हुई थी। वह गांव में ही रह रही थी। बड़ा भाई सतवीर अपनी पत्नी के साथ दिल्ली में रहता है। सतवीर व सिमरन में पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। चार जून को सतवीर दिल्ली से गांव भैंसवाल आया हुआ था और सिमरन भी घर पर ही मौजूद थी। दोनों बहन-भाई में फिर से विवाद हुआ। सतवीर ने लोकेश की हत्या करके उसकी लाश को गांव के पास जंगल में नाले में फेंक दिया।
तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने सतवीर और गांव निवासी संतू पुत्र मान सिंह को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह के अनुसार पूछताछ में सतवीर ने बताया उसने गांव निवासी संतु पुत्र मानसिंह के साथ मिलकर सिमरन को गला दबाकर हत्या की थी। हत्या के बाद उसके शव को कमर पर्र इंट बांधकर प्लास्टिक के बोरे में डालकर साइकिल पर 200 मीटर दूर ले गए और नाले में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से साइकिल, एक प्लास्टिक बोरा व ईंट रोड़े बरामद किए। दोनों का चालान कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।