शहर में स्वच्छता सर्वेक्षण कार्य पूरा, अब रैंकिंग का इंतजार
शामली। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर में कराए गए सफाई कार्यों का लोगों से फीड बैक लेकर सर्वेक्षण कार्य पूरा कर टीम लौट गई। सर्वेक्षण के बाद अब रैंकिंग का इंतजार रहेगा। रैंकिंग के आधार पर ही सफाई व्यवस्था के दावों की हकीकत का पता चल सकेगा।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर निकायों में शहर को साफ-सुथरा बनाने और सुंदर बनाने के लिए कराए गए कार्यों की हकीकत जानने के लिए केंद्र सरकार ने गत चार जनवरी से स्वच्छता सर्वेक्षण का कार्य शुरू किया है। इसके तहत शामली शहर में दिल्ली की दो सदस्यीय टीम ने सफाई व्यवस्था का सर्वेक्षण किया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने अलग-अलग वार्ड में घूमकर लोगों से फीड बैक लिया और उनसे बातचीत की। टीम के सदस्यों ने मौके पर ही ऑनलाइन डाटा फीड़ किया। टीम के दोनों सदस्यों ने दो दिन में करीब 200 घरों तक पहुंचकर सफाई व्यवस्था की जानकारी ली। नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सर्वेक्षण टीम ने शहर में अपने स्तर पर गोपनीय तरीके से सफाई व्यवस्था का सर्वे किया और लोगों से फीड बैक लिया है। शहर में सर्वे कार्य पूरा करने के बाद टीम चली गई है। टीम के सदस्यों से उनकी कोई बात नहीं हुई है और न ही उनसे कोई मिला है। स्वच्छता सर्वेक्षण कार्य पूरा होने के बाद अब रैंकिंग की इंतजार है।