शामली। यमुना में रात में रेत खनन का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में बड़ी पोकलेन मशीनों से रेत का खनन किया जा रहा है। वीडियो में प्लास्टिक के कट्टे डालकर यमुना की धार मोड़ने की बात भी कही जा रही है। मामले में जिला खनन अधिकारी ने जांच करने की बात कही है।
शनिवार को सोशल मीडिया पर रात में यमुना में रेत खनन की वीडियो वायरल हुई। जिसमें पोकलेन मशीन से रेत का खनन किया जा रहा है। वीडियो बनाने वाला व्यक्ति खनन इस्सोपुर खुरगान में होने की बात कह रहा है। वीडियो वायरल होने से अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। बताया जाता है कि इस्सोपुर खुरगान में खनन ठेकेदार ने प्लास्टिक के कट्टों में मिट्टी भरकर यमुना के बीच में अस्थाई पुल तैयार कर दिया। इससे यमुना की धार मुड़ गई है। उधर, जिला खनन अधिकारी डा. रंजना सिंह ने बताया कि उन्हें वीडियो के संबंध में जानकारी मिली है। मामले की मौके पर पहुंचकर जांच की जाएगी।