परिवार और समाज से खतरे की आशंका जताई
वीडियो में दोनों युवतियों ने कहा है कि वे बालिग हैं और अपनी इच्छा के अनुसार जीवन जीने का अधिकार रखती हैं। उनका कहना है कि परिवार और समाज के कुछ लोगों से उन्हें जान-माल का खतरा महसूस हो रहा है। इसी कारण उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वे बिना किसी भय के साथ रह सकें।
पुलिस ने शुरू की पड़ताल
पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में औपचारिक रूप से नहीं आया है। यदि सुरक्षा से संबंधित कोई प्रार्थना पत्र प्राप्त होता है तो उसकी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अपने स्तर पर मामले की पड़ताल कर रही है।
परिजनों से संपर्क का प्रयास
पुलिस संबंधित युवती के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परिवार फिलहाल गांव में मौजूद नहीं है और मजदूरी के सिलसिले में बाहर गया हुआ बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कानूनी पहलू भी चर्चा में
विशेषज्ञों के अनुसार यदि दोनों महिलाएं बालिग हैं तो उन्हें अपनी पसंद से साथ रहने का अधिकार है। हालांकि सुरक्षा संबंधी आशंका या किसी प्रकार के विवाद की स्थिति में पुलिस आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई कर सकती है।