थानाभवन क्षेत्र के गांव तितारसी में प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
शामली के थानाभवन में सांसद निधि से सड़क निर्माण कार्य में घटिया सामग्री लगने और सड़क किनारे नाली निर्माण ना होने पर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया। विरोध प्रदर्शन कर ग्रामीणों ने निर्माण कार्य रुकवा दिया, जिससे मजदूर भी वहां से चले गए।
क्षेत्र के गांव तितारसी में गोगा म्हाड़ी से डॉ. प्रमोद के मकान तक 190 मीटर सीसी रोड का निर्माण भाजपा सांसद हुकुम सिंह की सांसद निधि से हो रहा है। रविवार को गांव प्रधान जोनीपाल के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने निर्माण स्थल पहुंचकर सड़क निर्माण में घटिया सामग्री के प्रयोग, सड़क चौड़ाई कम करके बनाने और पानी की निकासी के लिए नालियों का निर्माण न करने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया।
रवि कुमार, चमनलाल ग्राम प्रधान जोनीपाल, पूर्व प्रधान अजब सिंह का आरोप था मिट्टी का भराव न होने से बरसात में कटाव के कारण सड़क खेतों की ओर टूट जाएगी। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए निर्माण कार्य में लगे मजदूर मौके से भाग गए। ग्राम प्रधान और पूर्व प्रधान ने बताया सड़क निर्माण में धांधली के संबंध में सांसद और जिलाधिकारी को मिलकर जानकारी देंगे। मौके पर प्रधान जोनीपाल, पूर्व प्रधान अजब सिंह, रविकुमार, नीटू, पाल्ली, चमन सिंह, अंकुर कुमार, प्रमोद कुमार, बबलू, बलराम, सुरेश कृष्णपाल और सुशील आदि रहे।