शामली। दिवाली पर हर मार्ग पर यूपी रोडवेज की बसें फुल रही। शामली रोडवेज डिपो को एक दिन में करीब साढ़े छह लाख रुपये की आय हुई। उधर, ट्रेनों में भी यात्रियों की भीड़ रही। भैया दूज के मद्देनजर मंगलवार से बृहस्पतिवार तक बसों में यात्रियों की भीड़ रहेगी। इसके लिए निगम ने 41 बसों के फेरे बढ़ाए हैं।
दिवाली रविवार को मनाई गई। रविवार को यात्रियों की संख्या अधिक होने से निगम की आय में भी बढ़ोतरी हुई। सोमवार को बसों में सामान्य से अधिक यात्री नजर आए। हालांकि अमावस्या तिथि को लेकर बनी असमंजस की स्थिति में भैया दूज की भीड़ का असर सोमवार को दिखाई नहीं दिया।
शामली रोडवेज बस अड्डे के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी राजेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि दिवाली पर रविवार को निगम को करीब साढ़े छह लाख रुपये की आय हुई। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए निगम की 41 बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं। बताया कि मंगलवार, बुधवार और बृहस्पतिवार को भैया दूज के चलते बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है।