शामली। बड़ा लोन दिलाने का झांसा देकर खेड़ीकरमू की महिलाओं से तीन लाख की नकदी और करीब साढ़े तीन लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर हड़प लिए। आरोपियों ने हस्ताक्षरयुक्त कोरे कागज और आईडी भी अपने पास रख ली। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खेड़ी करमू निवासी रेखा, रीना, मोहसीना, चचेल, अंजू, रुबी और गांव की प्रीति समूह के माध्यम से कार्य करती हैं। आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें विश्वास में लेकर जल्द बड़ा लोन कराने का झांसा दिया। कहा गया कि लोन मिलने के बाद वह उससे अपना रोजगार और आजीविका चला सकेंगी। इसी बहाने आरोपियों ने महिलाओं से तीन लाख रुपये नकद और करीब साढ़े तीन लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर ले लिए। इसके अलावा हस्ताक्षरयुक्त कोरे कागज और आईडी भी ले ली गईं।
कुछ दिन बाद जब प्रीति और सुनील ने लोन और अपने जेवर के बारे में आरोपियों से जानकारी मांगी तो वे लगातार बहाने बनाते रहे। आरोप है कि बाद में नकदी और जेवर वापस नहीं किए गए। इस मामले में सुनील, चरण सिंह, उर्मिला, बंटी, मोनू और लोन की कंपनी से जुड़े विशाल, विपिन, रवि, सादिक, अंकित समेत 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।