शामली। बीएएमएस की डिग्री दिलाने का झांसा देकर कोचिंग सेंटर संचालक पर साढ़े 12 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
मुजफ्फरनगर जनपद के थाना फुगाना क्षेत्र के गांव करोदा महाजन निवासी सोनू कुमार ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी मुलाकात शामली निवासी एक कोचिंग सेंटर संचालक से हुई। उसने अपने प्रभाव का हवाला देते हुए साढ़े 12 लाख रुपये में बीएएमएस की डिग्री दिलाने का भरोसा दिया। पीड़ित का आरोप है कि फरवरी से अप्रैल 2025 के बीच आरोपी ने अलग-अलग माध्यमों से अपने और अन्य खातों में रकम ट्रांसफर कराई, जबकि कुछ रकम नकद भी ली गई। इसके बाद आरोपी ने उसे एनईएचएम ऑफ इंडिया सेंट्रल बोर्ड नई दिल्ली के नाम से बीईएमएस की डिग्री उपलब्ध कराई। जांच में डिग्री फर्जी पाई गई। इसके बाद उसने आरोपी से अपने रुपये वापस मांगे तो पहले वह टाल-मटोल करता था और बाद में देने से मना कर दिया। पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।