थानाभवन पुलिस द्वारा पकडे लूट के आरोपी
- फोटो : SHAMLI
फाइनेंस कंपनी के प्रबंधक से लूटपाट, दो गिरफ्तार
थानाभवन (शामली)। जाफरपुर गांव के जंगल में मंगलवार देर रात चार बदमाशों ने फाइनेंस कंपनी के प्रबंधक से एक लाख रुपये लूट लिए। बदमाशों की तलाश में लगी पुलिस की घटना के दस घंटे बाद गदाई पुल पर बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने मुठभेड़ में दो बदमाशों टोनी उर्फ विपिन और साजिद उर्फ वेदू. को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य फरार हो गए।
हरियाणा के जींद क्षेत्र के विधाना निवासी भारत फाइनेंस एंक्लूजन कंपनी के प्रबंधक प्रिंस कुमार मंगलवार की शाम गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के गांव बुंटा से रिकवरी के एक लाख रुपये लेकर जा रहे थे। थानाभवन क्षेत्र के गांव जाफरपुर के जंगल में चम्मच फैक्टरी के पास पीछे से आ रहे दो बाइक सवारों ने उसकी बाइक में टक्कर मारकर नीचे गिरा दिया। खेत में घात लगाए बैठे दो अन्य बदमाशों ने उसे दबोच लिया। तमंचे के बल पर आतंकित करके उसके पास से एक लाख रुपये, बाइक, टैबलेट, मोबाइल फोन लूट लिया और फरार हो गए। थानाभवन प्रभारी निरीक्षक प्रभाकर कैंतुरा व गढ़ी अब्दुल्ला चौकी इंचार्ज राकेश चौधरी एवं एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से पुलिस टीम ने बदमाशों की तलाश शुरू की। एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि घटना के दस घंटे बाद पुलिस ने खेड़ा गदाई पुल पर मुुठभेड़ में दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लूट का खुलासा कर दिया। गिरफ्तार किए गए बदमाश टोनी उर्फ विपिन, निवासी ग्राम खेड़ा गदाई थाना थानाभवन तथा साजिद उर्फ वेदू. निवासी ग्राम बुंटा थाना गढ़ीपुख्ता शामिल हैं, जबकि उनके दो साथी गुफरान उर्फ गुफ्फू निवासी बुंटा थाना गढ़ीपुख्ता एवं जावेद निवासी धानवा थाना तीतरो सहारनपुर फरार हो गए। गिरफ्तार बदमाशों से लूट की राशि के 59050 रुपये, दो तमंचे व कारतूस, एक बिना नंबर की मोटर साइकिल बरामद की है।
दस लाख मिलने की थी उम्मीद
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार बदमाशों ने बताया कि ग्राम बुंटा में प्रत्येक मंगलवार को माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी के कलेक्शन करके ले जाने की उन्हें जानकारी थी। चारों ने साथ कलेक्शन सेंटर पर रेकी की। उन्हें लूट में दस लाख रुपये मिलने की उम्मीद थी। फाइनेंस कंपनी प्रबंधक शाम को वापस जाने लगे, तो उससे लूट की घटना को अंजाम दिया। एसपी ने बताया कि अवैध हथियार और लूटी गई अन्य सामग्री को लेकर बदमाशों से पूछताछ की जा रही है। टोनी पर शामली और झिंझाना थाने में भी मुकदमें दर्ज हैं।