गिरफ्तार गोली लगने से घायल लूट का आरोपी आमिर। पुलिस
गढ़ीपुख्ता (शामली)। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर तीतरो पुलिया के पास चेकिंग कर रही गढ़ीपुख्ता पुलिस की मंगलवार को तीन युवकों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में लूट गिरोह के सरगना आमिर के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल आरोपी को सीएचसी ऊन भेज दिया, जबकि उसके दो साथी मौके से भाग गए।
एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया 20 मई 2026 को गढ़ीपुख्ता क्षेत्र में अमीर आलम निवासी गढ़ी अब्दुल्ला खां और उसके चचेरे भाई बसर से मोबाइल फोन लूट की घटना हुई थी। मंगलवार को तीतरो पुलिया के पास बिना नंबर प्लेट की बाइक पर तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने पीछा करते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की। इसमें मोटरसाइकिल सवार आमिर पुत्र इरफान निवासी डिडौली खेड़ा, थाना चिलकाना, सहारनपुर के पैर में गोली लगी। पुलिस ने आमिर को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से लूटी गई बिना नंबर प्लेट की स्पेलेंडर मोटरसाइकिल, 315 बोर का तमंचा, दो खोखे, एक जिंदा कारतूस और 1500 रुपये बरामद हुए। उसके दो साथी पुलिस को चकमा देकर भाग गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ चिलकाना और बेहट थानों में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गोवंश संरक्षण अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में छह मामले दर्ज हैं।
दो दिन पूर्व ही जेल से छूटा था सरगना
एएसपी ने बताया कि तीतरो क्षेत्र से ही लूट के मामले में आमिर दो दिन पूर्व ही जेल से छूटा था। जेल से छूटने के बाद फिर से लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। आमिर गिरोह का सरगना है। गिरोह की खास बात यह है कि सुबह के समय घूमने जाने वाले लोगों के साथ वारदात करते हैं।