शामली। चीनी मिलों द्वारा किसानों को गन्ने का भुगतान नहीं करने पर मंगलवार को गन्ना समिति कार्यालय पर किसानों ने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान आए जिला गन्ना अधिकारी को बंधक बनाकर धरने पर बैठा लिया। भाजपा और कांग्रेस विधायक के साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष पति भी धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए। बाद में समय से भुगतान का आश्वासन मिलने पर धरना समाप्त किया गया।
मंगलवार को सहकारी गन्ना समिति कार्यालय पर क्षेत्र के दर्जनों गांवों के किसान जुटे। इस दौरान कांग्रेस विधायक पंकज मलिक ने कहा कि शुगर मिलें किसानों का गन्ना बकाया भुगतान ना होने की वजह से किसानों के सामने भुखमरी की स्थिति हो गई है। बकाया भुगतान ब्याज सहित किसानों को दिलाया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि शासन से लेकर प्रशासन तक चीनी मिल मालिकों के फायदे में सोच रही हैं, जबकि किसान त्रस्त हैं।
थानाभवन से भाजपा विधायक सुरेश राणा ने कहा कि पड़ोसी राज्य हरियाणा में रिकवरी 8 प्रतिशत है और गन्ना मूल्य भी यूपी से 25 रुपये प्रति कुंतल अधिक है। इसके बावजूद हरियाणा में किसानों को समय पर गन्ना भुगतान मिल रहा है, जबकि शामली की मिल की रिकवरी 14 प्रतिशत होने के बावजूद किसानों को भुगतान नहीं मिल रहा।
उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट का स्पष्ट आदेश है कि जब तक चीनी मिलें समस्त बकाया भुगतान ना कर दें, किसानों से किसी भी प्रकार के सरकारी बकायादारी की वसूली नहीं की जाएगी। इसके बावजूद विद्युत निगम किसानों का उत्पीड़न कर रहा है, बकायादारी पर सम्मन शुल्क के रूप में हजारों रुपये वसूले जा रहे हैं तथा मुकदमे भी दर्ज कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शामली शुगर मिल 8 हजार बोरे चीनी प्रतिदिन बनाने की क्षमता रखती है, उसमें से यदि पांच हजार चीनी बोरे प्रतिदिन बेचा जाए, तो उसकी कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये होती है। लिहाजा 15 दिन के भीतर बेची गई चीनी की रकम के हिसाब से किसानों को भुगतान कराया जाए।
वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष पति प्रसन्न चौधरी ने कहा कि चीनी मिल मालिकों को यह ध्यान में रखना चाहिए कि किसानों से ही उनकी रोजी रोटी चल रही है। यदि किसान परेशान रहेगा, तो चीनी मिल मालिक भी ठीक नहीं रहेंगे। धरनास्थल पर पहुंचे जिला गन्ना अधिकारी अनिल कुमार भारती को किसानों ने बंधक बनाकर बैठा लिया।
बाद में चीनी मिल अधिकारियों से वार्ता कर आश्वासन दिया गया कि चीनी बिक्री के हिसाब से ही शीघ्रता से किसानों को भुगतान कराया जाएगा। इसके बाद धरना समाप्त हो गया। इस दौरान राजवीर सिंह मुंडेट, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, रणबीर सिंह, हरीश चौधरी, जिला पंचायत सदस्य जाहिद, शाउद्दीन, कंवरपाल सिंह, पप्पू, देशपाल, सोहनपाल सिंह, महिपाल सिंह, सर्वेश, मनोज ठाकुर, महबूब प्रधान आदि मौजूद रहे।