-लोक निर्माण विभाग करीब दो करोड़ रुपये की लागत से कराएगा निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शहर की बुढ़ाना रोड और पूर्वी यमुना नहर पटरी सड़क का निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग ने शुरू कर दिया है। करीब दो करोड़ रुपये की लागत से इन दोनों सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। लंबे समय से इन सड़कों के निर्माण की मांग की जा रही थी, जिससे लोगों को अब राहत मिलेगी।
सड़कों की खराब हालत के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही थी। वाहन चालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। लोक निर्माण विभाग ने अब यह निर्माण कार्य शुरू किया है। विभाग शहर और जिले के अन्य स्थानों पर भी सड़कों का निर्माण जल्द शुरू कराएगा। अन्य चिह्नित सड़कों पर भी काम शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजकुमार ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुढ़ाना रोड और पूर्वी यमुना नहर पटरी सड़क का निर्माण करीब दो करोड़ रुपये की लागत से होगा। निर्माण कार्य के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसका प्रयास किया जाएगा। इस परियोजना से स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी।