शामली। दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का असर अब रसोई से लेकर मिठाई की दुकानों तक दिखाई देने लगा है। दूध महंगा होने से दही, लस्सी, पनीर और मावे की लागत बढ़ने लगी है। इसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ रहा है। पहले से ही खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों से परेशान लोगों के लिए दूध की महंगाई ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
12 नवंबर से अमूल और मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में दो से चार रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। शादी-विवाह के सीजन में मावे और उससे बनने वाली मिठाइयों की मांग बढ़ेगी। ऐसे में डेयरी उत्पादों की लागत बढ़ने से मिठाई कारोबारियों की चिंता भी बढ़ गई है।
डेयरी उत्पादों के बाजार भाव
दही : 70 से 85 रुपये प्रति किलो
लस्सी : 20 से 30 रुपये प्रति 250 ग्राम
पनीर : 360 से 420 रुपये प्रति किलो
मावा : 360 से 440 रुपये प्रति किलो
रसोई का बजट बिगड़ने की चिंता
शामली के मार्श गंज मंडी की रहने वाली वीणा अग्रवाल और माजरा रोड की रहने वाली मृदुला जैन कहना है कि दूध की कीमत बढ़ने का असर केवल दूध तक सीमित नहीं रहता। घरों में रोजाना इस्तेमाल होने वाला दही और पनीर महंगा होने से रसोई का बजट बिगड़ेगा। मिठाई कारोबारी राजेश कुमार, सुरेंद्र का कहना है कि मावा, पनीर और दूध से बनने वाले उत्पादों की लागत बढ़ने की चिंता है।