शामली। झिंझाना रोड से कसेरवा गांव जाने वाले रास्ते पर बृहस्पतिवार देर रात पुलिस के साथ मुठभेड़ में दिल्ली के न्यू ओखला के जाकिर नगर निवासी 50 हजार का इनामी बदमाश रिहान मारा गया, जबकि उसका एक साथी भाग गया।
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की तरफ से की गई फायरिंग में जहां सिपाही सुमित कुमार हाथ में गोली लगने से घायल हुआ। शहर कोतवाली प्रभारी सचिन शर्मा व आदर्श मंडी थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह की बुलेट प्रूफ जैकेट पर गोली लगी, जिसमे उनकी जान बच गई।
बाबरी थानाक्षेत्र के गांव फतेहपुर निवासी राहुल बृहस्पतिवार देर शाम शामली से गांव जा रहा था। पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे रोककर 500 रुपये, चांदी की दो अंगूठी व मोबाइल फोन लूट लिया और पिस्टल से फायर कर मौके से भाग गए। पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने जिले में कांबिंग की।
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि देर रात करीब 12 बजे शहर कोतवाली पुलिस करनाल रोड पर पूर्वी यमुना नहर पुल पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान नहर पटरी से बाइक पर आए दो बदमाशों ने रुकने का इशारा करते ही पुलिस टीम पर फायर करते हुए कसेरवा जाने वाले रास्ते की तरफ भाग निकले।
पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया। उसी दौरान सामने कंडेला बाईपास की तरफ से आदर्श मंडी पुलिस पहुंच गई। कच्चे रास्ते पर मोड़ते समय बदमाशों की बाइक फिसल गई। इस दौरान बदमाशों व पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया जबकि दूसरा मौके से भाग निकला। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सक ने बदमाश को मृत घोषित कर दिया।
एसपी व एएसपी सुमित शुक्ला ने माैके पर पहुंचकर जानकारी ली। एसपी ने बताया कि मारे गए बदमाश की पहचान दिल्ली के न्यू ओखला जाकिर नगर, गली नंबर-21 निवासी रिहान के रूप में हुई। रिहान के खिलाफ शामली के अलावा बागपत, गाजियाबाद, दिल्ली में लूट, जानलेवा हमला समेत समेत विभिन्न धाराओं में 90 मुकदमे दर्ज हैं। बदमाश के कब्जे से एक विदेशी मेड इन इटली, व पिस्टल के अलावा लूट के दो मोबाइल फोन, अंगूठी व 500 रुपये, बाइक, आठ कारतूस, सात खोखे बरामद हुए।
बरामद बाइक दिल्ली की सलमा के नाम मिली
बदमाश रिहान के पास मिली बाइक पर अंकित नंबर के आधार पर पुलिस ने जांच की तो वह सलमा निवासी गांव बदापुर खादर नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के नाम पर पाई गई। बाइक के बारे में पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।
छाती में दो गोली लगने से ढेर हुआ रिहान
मुठभेड़ के दौरान पुलिस की तरफ से की जवाबी कार्रवाई में इनामी बदमाश रिहान की छाती में दो गोली लगी थी, जिसमें वह गंभीर घायल हो गया था। जब पुलिस ने उसके पास पहुंची तो उसमे सांसें थीं। अस्पताल पहुंचने पर उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक रिहान के परिजनों से जानकारी लेते पुलिसकर्मी । संवाद
पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक रिहान के परिजनों से जानकारी लेते पुलिसकर्मी । संवाद