शामली। कुपोषण से मुक्ति के लिए वजन दिवस के आयोजन को लेकर सेक्टर प्रभारी और पर्यवेक्षकों को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। वजन दिवस 24 और 27 अक्तूबर को प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्रों पर मनाया जाएगा, जहां पांच साल तक के बच्चों का वजन लिया जाएगा।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला विकास अधिकारी बलराम कुमार की अध्यक्षता में प्रशिक्षण हुआ। बताया कि 24 अक्तूबर को शामली और थानाभवन तथा 27 अक्तूबर को कांधला, कैराना और ऊन ब्लाक क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों पर पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों का वजन लिया जाएगा।
जिसमें ग्रामवार द्वारा एक पर्यवेक्षक तथा न्याय पंचायत पर 37 सेक्टर प्रभारी तैनात किए गए हैं। सेक्टर प्रभारियों की जिम्मेदारी है कि वह आंगनबाड़ी केंद्रों पर जाकर वजन दिवस की निगरानी करेंगे और शाम तक अपनी रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी को सौंपेंगे।
जिला विकास अधिकारी ने सुपरवाइजरों को निर्देश दिया कि बच्चो का वजन तोलने वाली मशीन पहले ही ठीक करा ली जाए। यदि किसी आंगनबाड़ी केंद्र पर मशीन में गड़बड़ी पाई जाती है, तो संबंधित कर्मी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजकुमार सिंह के अलावा सेक्टर प्रभारी, ग्राम वार्ड पर्यवेक्षक और सुपरवाइजर उपस्थित रहे।