शामली। मेरठ-करनाल हाईवे पर निर्माण कार्य शुरू होते ही लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। भारी वाहनों से शहर में हर तरफ जाम की स्थिति बनी रहती है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा। तीन दिन से शहर में जाम की समस्या बनी हुई है।
तीन दिन पहले शहर में बुढ़ाना रोड फाटक से एनएचएआई द्वारा निर्माण कार्य शुरू हुआ था। विजय चौक तक काम पूरा हो चुका है। कहने को तो यह निर्माण कार्य रात में चल रहा है, लेकिन सुबह आठ बजे के बाद तक भी काम चलने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दिन में वाहनों के कारण जाम लग जाता है। इसकी वजह भारी वाहनों का डायवर्जन न होना और रात में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी न होना बताया गया है। अमर उजाला ने रविवार को सुबह साढ़े सात बजे से साढ़े आठ बजे तक शहर में लगे जाम का जायजा लिया तो किसी चौराहे पर पुलिसकर्मी नजर नहीं आए और लोग जाम से जूझते दिखाई पड़े।
धीमानपुरा शिव चौक सुबह 7.30 बजे
रेलवे फाटक से लेकर शिव चौक, वीवी इंटर कालेज रोड पर ट्रक, डंपर, ट्रेलर आदि भारी वाहनों की लंबी लाइन लगी हुई थी। हल्के और दुपहिया वाहन इन वाहनों के बीच में फंसे हुए थे। कुछ वाहन सड़क के दाएं और बाएं से निकलने की कोशिश में लगे थे, लेकिन इसके बाद भी जाम से नहीं निकल सके।
फव्वारा चौक, सुबह 7.40 बजे
फव्वारा चौक पर पानीपत और करनाल की तरफ से आने वाले भारी वाहनों की लाइन लगी थी। काफी देर तक एक ही स्थान पर जाम में खड़ा रहने के कारण दिल्ली रोड की तरफ मोड़ने की कोशिश में भारी वाहनों को कई बार आगे पीछे कर मोड़ा जा रहा था, जिस कारण चौराहे पर चारों तरफ जाम लगा रहा। दुपहिया वाहन और पैदल जाने वाले भी नहीं निकल पा रहे थे।
विजय चौक करनाल रोड सुबह 8.00 बजे
विजय चौक से करनाल रोड पर ट्रकों की दूर तक लाइन लगी हुई थी। उनके बराबर में हल्के वाहन कार और बाइक आदि जान जोखिम में डालकर कभी इधर से तो कभी उधर से भारी वाहनों के बीच से निकल रही थी।
बुढ़ाना रोड चौराहा समय 8.15 बजे
बुढ़ाना रोड चौराहा पर एक तरफ दयानंद नगर मोहल्ले से आने वाले लोगों की भीड़ लगी थी, तो दूसरी तरफ बुढ़ाना बस स्टैंड की तरफ से जाने वाले लोगों की हल्के और दुपहिया वाहनों की भीड़ लगी थी। बीच में हाईवे पर दोनों तरफ भारी वाहनों की लंबी लाइनें लगी हुई थी।
हाईवे के ट्रैफिक का लोड शहर पर भारी
मेरठ-करनाल हाईवे से गुजरने वाले भारी वाहन शहर के बीच से निकाले जा रहे हैं। पानीपत और करनाल की तरफ से आने वाले वाहन विजय चौक, धीमानपुरा होते हुए गुरुद्वारा तिराहे से रेलपार बाईपास होते हुए निकलते है। इसी तरह मेरठ की तरफ से आने वाले वाहन भी इसी मार्ग से निकल रहे हैं, जिस कारण ट्रैफिक का लोड शहर को ही झेलना पड़ रहा है। हाईवे का निर्माण कार्य बंद होने के बाद सुबह 10 बजे के बाद जाम से कुछ राहत मिलती है।
कोट
एनएचएआई द्वारा उन्हें लिखित में हाईवे पर शहर के बीच में निर्माण करने की सूचना नहीं दी गई। तीन दिन पहले मौखिक तौर पर दो दिन के लिए रात में कार्य करना बताया गया था, उस समय ट्रैफिक डायवर्ट कर व्यवस्था बनाई गई थी। शनिवार रात को कार्य चलने की सूचना नहीं दी गई। सुबह ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को लगाकर यातायात संचालित कराया गया। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी सुबह सात से रात नौ बजे तक रहती है। - भंवर सिंह, यातायात प्रभारी।
--
हाईवे पर बुढ़ाना रोड फाटक से करनाल की तरफ शहर से बाहर तक तीन दिन से सड़क निर्माण का कार्य रात में चल रहा है। विजय चौक तक काम पूरा हो चुका है। दो-तीन दिन में कार्य पूरा हो जाएगा। - मनमोहन चौबे, इंजीनियर एनएचएआई।