शामली। कलक्ट्रेट सभाकक्ष में पंचायत चुनाव के नामांकन हेतु नियुक्त किए आरओ एवं एआरओ, रिजर्व में रखे गए निर्वाचन अधिकारियों को निर्वाचन ड्यूटी में लगाए जाने के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान तीन निर्वाचन, सहायक निर्वाचन अधिकारी गैर हाजिर मिले। डीएम जसजीत कौर ने तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर जिला निर्वाचन अधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2021 को सकुशल संपन्न कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को सामान्य निर्वाचन को सकुशल संपन्न कराने के लिए जो दायित्व सौंपा गया है, उनका निर्वहन प्राथमिकता के आधार पर करते हुए पूरी मुस्तैदी के साथ करें। प्रशिक्षण के दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारियों में लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता सोमांशु मोहन, अवर अभियंता लोअर खंड पूर्वी यमुना नहर के अवर अभियंता विपिन कुमार, ग्रामीण अभियंत्रण के अवर अभियंता बृजेश कुमार अनुपस्थित पाए गए। डीएम ने तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार सिंह जिला विकास अधिकारी प्रमोद कुमार, मास्टर ट्रेेनर डॉ. अमित मलिक व संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।