पथराव, फायरिंग प्रकरण में छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
झिंझाना। मोहल्ला शाहघासी दरवाजा में दो पक्षों के बीच संघर्ष के दौरान पथराव व फायरिंग के मामले में पुलिस ने एक पक्ष की तरफ से दूसरे पक्ष के छह लोगों के खिलाफ घर में घुसकर हमला करने की रिपोर्ट दर्ज की है।
शुक्रवार दोपहर को कस्बे के मोहल्ला शाहघासी दरवाजा में मरकज वाली मस्जिद के निकट आजम व जीशान पक्ष के बीच कहासुनी होने पर संघर्ष हो गया था। संघर्ष के दौरान लाठी डंडे चलने के साथ ही पथराव व फायरिंग हुई थी। थाना प्रभारी पीके सिंह ने बताया कि इस मामले में देर रात मोहल्ला शाहघासी दरवाजा निवासी जीशान की तरफ से दी गई तहरीर के आधार पर दूसरे पक्ष के मोहल्ला शाहमुबारिक निवासी आजम उर्फ बोना, आबाद, अकबर, नौशाद, मोहल्ला शाहघासी दरवाजा निवासी अफजाल और फिरोज के खिलाफ घर में घुसकर हमला करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। अभी दूसरे पक्ष की तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।