कैराना। क्षेत्र के गांव रामड़ा में पकड़े गए करीब 945 लीटर सरसों का तेल मिलावटी होने के शक में और दुकान से ब्रांडेड कंपनी के रैपर बरामद होने पर तेल व्यापारी और पिकअप चालक के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया।
शुक्रवार दोपहर गांव रामड़ा में मिलावटी सरसों के तेल की सप्लाई होने की सूचना पर पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। मौके से प्लास्टिक की केनों में भरा करीब 945 लीटर सरसों का तेल बरामद किया गया था। पुलिस ने मौके से पिकअप समेत तेल को कब्जे में लेकर चालक नाजिम निवासी गांव रामड़ा को हिरासत में ले लिया था। पुलिस की सूचना पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने तेल के दो नमूने लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला भेज दिए थे। पुलिस पूछताछ के दौरान नाजिम ने बताया कि उसे तेल को चौक बाजार में अमित कंसल की दुकान पर पहुंचाना था। इसके बाद पुलिस और खाद्य विभाग ने अमित कंसल की खाद्य तेल की दुकान पर जांच की थी। पुलिस ने दुकान पर विभिन्न तेल कंपनियों के नाम के 5811 रैपर बरामद किए थे। खाद्य विभाग की टीम ने सरसों व राइस ब्रान तेल के दो सैंपल लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला भेज दिए। इस मामले में पुलिस ने चालक नाजिम निवासी गांव रामड़ा, अमित कंसल निवासी मोहल्ला शंकर सौदियान थाना कैराना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी नाजिम का चालान कर दिया गया है, जबकि अमित की तलाश की जा रही है।