दूल्हे के पिता और भाई सहित चार के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज
कांधला (शामली)। कोरोना काल में घुड़चढ़ी के दौरान भीड़ लगाने के मामले में दूल्हे के पिता और भाई सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कस्बे के मोहल्ला रायजादगान निवासी भूप सिंह के पुत्र अनिल की बरात शुक्रवार सुबह हरियाणा के रोहतक जानी थी। बरात से पूर्व बृहस्पतिवार शाम को घुड़चढ़ी का कार्यक्रम था। घुड़चढ़ी में डीजे पर परिवार के सदस्य डांस कर रहे थे। इसी दौरान किसी ने चढ़त का वीडियो बनाकर कोरोना से अभी जंग जारी है टैग करके सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वायरल वीडियो पर पुलिस ने संज्ञान लेकर तुरंत गांव में पहुंची और चढ़त को बंद करा दिया। पुलिस ने मौके से भीड़ को हटाते हुए दूल्हा पक्ष को फटकार लगाई। पुलिस ने इस मामले में दूल्हे के पिता भूप सिंह, भाई संजीव, डीजे संचालक, घोड़ा बग्गी मालिक के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। शुक्रवार को दूल्हे के साथ गिनती के ही लोग बरात लेकर रवाना हुए।