-छात्रों और ग्रामीणों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए काटना पड़ रहा है लम्बा रस्ता
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरकाजी। सोलानी नदी में धीरे-धीरे पानी कम होने से ग्रामीणों को राहत मिली है, लेकिन बरसात में रास्तों पर गहर गड्ढे बन जाने से आवागमन में लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
उत्तराखंड में बरसात के बाद से सोलानी नदी में जलस्तर बढ़ गया था। गांव भदोला, पांचली, रामनगर, रजगल्लापुर, रतनपुरी और शेरपुर नंगला के रास्तों पर पानी भर जाने से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया था। रास्ते भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। अब पानी धीरे-धीरे पानी कम होने से ग्रामीणों को राहत मिली है।
गांव शेरपुर नंगला धुम्मनपुरी और रामनगर के रास्तों में कीचड़ फैल गया है। सड़क टूटकर बड़े बड़े गड्ढे बन गए हैं। इस कारण साइकिल व बाइक और अन्य वाहनों को निकालने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों व स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को बमुश्किल खेतों के रास्ते चक्कर काटकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। ग्रामीण राजू प्रजापति, गुलशन कुमार, यादराम प्रजापति, बिजेंद्र सिंह, साधुराम ने बताया कि जलस्तर घटा है, लेकिन अभी भी करीब पांच फीट पानी है। नांव में बैठकर ही नदी पार करनी पड़ रही है। जंगलों में पानी भरा होने के कारण पशुओं के लिए चारे की विकट समस्या बन गई है। धान व गन्ने आदि की फसलें भी बर्बाद हो चुकी हैं।