थानाभवन। जिले के छोटे से गांव कैल शिकारपुर के होनहार कराटे चैंपियन सत्यम चौधरी ने साउथ अफ्रीका में हुए 10वें वर्ल्ड मार्शल आर्ट गेम्स-2016 में कांस्य पदक जीतकर जनपद का नाम रोशन किया है। बुधवार को गांव में पहुंचने पर सत्यम का जोरदार स्वागत किया गया।
क्षेत्र के गांव कैल शिकारपुर निवासी संजय चौधरी का होनहार पुत्र सत्यम चौधरी थानाभवन के एल्पाइन विद्यापीठ में कक्षा 9वीं का छात्र है। पिछले दिनों दिल्ली के तालकटोरा मैदान में हुए तीसरे डॉ. अंबेडकर नेशनल गेम्स में कराटे चैंपियनशिप में सत्यम चौधरी ने गोल्ड मेडल प्राप्त किया था। सत्यम का इंटरनेशनल गेम्स के लिए चयन हुआ।
जिसके बाद छात्र 14 अक्टूबर से साउथ अफ्रीका के जोहन्सबर्ग सिटी के निकट प्रोम्पस मैदान में 10वें वर्ल्ड मार्शल आर्ट गेम्स 2016 शुरू हुए। कोच एके गौतम ने बताया कि रविवार को हुई 45 किलोग्राम भार वर्ग की कराटे प्रतियोगिता में शामली के सत्यम चौधरी ने कांस्य पदक हासिल कर शामली का नाम रोशन करते हुए तिरंगा लहराया। मंगलवार देर रात को सत्यम दिल्ली आए और बुधवार सुबह को शामली में अपने गांव कैल शिकारपुर पहुंचे। जहां उनका परिजनों और ग्रामीणों ने उसका जोरदार स्वागत किया।