शामली। शहरी और ग्रामीण अंचल में बकाया विद्युत बिल में सरचार्ज पर 100 प्रतिशत माफी योजना के तहत अब तक करीब एक करोड़ रुपये बकाया बिजली बिल जमा हो चुका है, जिसमें उपभोक्ताओं को सरचार्ज माफी का लाभ दिया जा रहा है।
विद्युत वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता एके सिंह और अधिशासी अभियंता विजयपाल ने बताया कि जिले में कुल एक लाख 32 हजार 905 उपभोक्ता हैं, जिन पर 31 मार्च 2017 तक 245 करोड़ 93 लाख रुपये विद्युत बिल बकाया था।
इसमें जिले के 69 हजार उपभोक्ताओं से 59 करोड़ 74 लाख रुपये वसूली का लक्ष्य दिया गया है, जिसके लिए जिले के 1230 उपभोक्ताओं का पंजीकरण होना है। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि सरचार्ज 100 प्रतिशत माफी की योजना के बाद बकाया बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
क्योंकि शासन ने नीतिगत फैसले के आधार पर अंतिम बार सरचार्ज माफी की योजना लागू की है। इसके बाद भविष्य में ऐसी कोई योजना नहीं दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि योजना के प्रचार प्रसार के लिए बिजलीघरों और बिजली दफ्तरों पर होर्डिंग और बैनर लगवा दिए है, ताकि ज्यादा से ज्यादा उपभोक्ता बकाया बिल जमा करने में सरचार्ज माफी की योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।