शामली। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के आधार पर राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए राशन डीलरों की मीटिंग की गई। उसमें डीलरों को निर्देश दिया कि राशन वितरण में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए।
मंगलवार को टंकी रोड स्थित राजारानी विवाह मंडप में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी सुजीत कुमार ने कहा कि राशन कार्ड को आधार कार्ड से लिंक किया जा रहा है, जिससे लाभार्थी दूसरी जगह राशन कार्ड नहीं बनवा सकेगा। भविष्य में व्यवस्था लाई जाएगी कि कार्ड धारक द्वारा उचित दर विक्रेता के यहां मशीन पर अंगूठा लगाने के बाद ही निर्धारित मूल्य पर राशन वितरण किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी है कि राशन डीलर किसी भी तरह से राजनीति में ना पड़ें। राशन वितरण में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर जांच में पुष्टि हुई, तो आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। इस दौरान जिला पूर्ति अधिकारी ओमहरि उपाध्याय पूर्ति निरीक्षक कंवरसिंह, बीर सिंह, आशाराम, कवरपाल सिंह, नीरज कुमार सहित राशन डीलर मौजूद रहे।