शामली। डीआईजी अजय साहनी के होटल ढाबों व अन्य खाद पदार्थों की दुकानों पर रेट लिस्ट के साथ संचालक का नाम स्पष्ट रूप से अंकित करने के निर्देश के बाद दुकानदारों व फल विक्रेताओं ने इस पर सहमति जताई है। दुकानों पर खाद्य पदार्थों की रेट लिस्ट चस्पा कर दी गई है। कई फल विक्रेताओं ने ठेली पर अपने नाम लिखे पर्चे भी लगा लिए हैं।
शहर के धीमानपुरा स्थित छोले भटूरे विक्रेता सेवाराम ने कहा कि उन्होंने दुकान पर खाद्य पदार्थों की रेट लिस्ट चस्पा कर दी गई है। दुकान पर उनका नाम पहले ही स्पष्ट रूप से लिखा हुआ है।इससे नाम व पहचान स्पष्ट होने से किसी तरह के विवाद की स्थिति नहीं बनेगी।
कैराना मार्ग पर फल विक्रेता नवाजिश ने ठेले अपने का पर्चा लगाया हुआ था। नवाजिश का कहना है कि उन्होंने अपने नाम का पर्चा लगा लिया। प्रशासन के इस फैसले से वे सहमत है। विजय चौक के निकट फल विक्रेता सोनू ने कहा कि प्रशासन ने रेट लिस्ट के साथ दुकानदार का नाम लिखने का जो आदेश बताया जा रहा है। वह सही है। पहले नाम व पहचान छिपाने को लेकर विवाद हुए हैं।
बिड़ौली में भी कई ढाबा संचालकों ने नाम और रेट लिस्ट चस्पा की। सोहन और वसीम ने कहा कि नाम और लिस्ट में कोई परेशानी नही है। इससे ग्राहक भी भ्रमित नहीं होगा। बाबरी के कई ढाबों पर रेट लिस्ट चस्पा कराई गई। एसपी राम सेवक गौतम का कहना है कि डीआईजी का आदेश मिला है। रेट लिखने से किसी को कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
पुलिस ने दुकानदारों की ली बैठक
शामली। शहर कोतवाली में दुकानदारों, होटल ढाबा संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस ने कहा कि 21 जुलाई से कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाली मीट की दुकानें बंद रहेगी। इसके अलावा सभी खाद्य पदार्थों की दुकानों पर सामान की रेट लिस्ट चस्पा की जाएगी। कांवड़ यात्रा के दौरान किसी तरह का अतिक्रमण न किया जाए। पुलिस ने दुकानदारों, व्यापारियों व होटल, ढाबा संचालकों से कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।
एक संप्रदाय का किया जा रहा टारगेट
बसपा जिलाध्यक्ष सुनील जाटव का कहना है कि ढाबों, खाद्य पदार्थों की रेट लिस्ट तो ठीक है मगर नाम लिखवाना गलत है। इसमें एक संप्रदाय के लोगों को टारगेट किया जा रहा है। यह आदेश वापस लोना चाहिए।
रालोद जिलाध्यक्ष चौधरी वाजिद अली का कहना है कि नाम और रेट लिस्ट का आदेश दुकानदारों के लिए अच्छा है। इससे ग्राहक अपने पसंद के दुकानदार से सामान खरीद सकेगा। इसमें किसी को कोई एतराज नहीं होना चाहिए।
शामली फल विक्रेता नवाजिश