शामली/चौसाना। सुंदरनगर में प्रोपर्टी डीलर बलविंदर के यहां पर डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों से पुलिस की शुक्रवार की सुबह गढ़ी हसनपुर के जंगल में मुठभेड़ हो गई। गोली लगने से दो 25 हजार के इनामी बदमाश अनस और सिमरनजीत घायल हो गए। वहीं गोली लगने से एक सिपाही आशीष भी घायल हो गया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीन बदमाश पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहे। पकड़े गए बदमाशों ने खुलासा किया कि प्लाॅट को लेकर हुए विवाद में बलविंदर को सबक सिखाने के लिए लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
एसपी रामसेवक गौतम और एएसपी संतोष कुमार सिंह ने पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि डकैती प्रकरण के खुलासे के लिए एसओजी के अलावा पुलिस टीम को लगाया गया था। शुक्रवार की सुबह करीब तीन बजे गढ़ी हसनपुर से कच्चीगढ़ी को जाने वाले मार्ग पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान फायरिंग में 25 हजार का इनामी बदमाश कैराना के बीबीपुर निवासी सिमरनजीत पुत्र रणजीत सिंह और अकबरपुर सुनहेटी निवासी 25 हजारी अनस पुत्र याकूब पैर में गोली लगने से घायल हो गए। जबकि सिपाही आशीष भी घायल हो गया।
इस दौरान तीन बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहे। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि प्रोपर्टी डीलर बलविंदर के मकान के पीछे ही इनामी सोनू का भी सुंदरनगर में मकान है। वर्तमान में वह हरियाणा के करनाल में रह रहा है। कुछ समय पूर्व ही सोनू का प्लाॅट को लेकर बलविंदर से विवाद हो गया था। तभी से सोनू ने बलविंदर को सबक सिखाने की ठान ली थी। नौ जुलाई की रात झिंझाना के उर्स मेले में सोनू, अनस ने साथी झिंझाना के नीला रोजा के रहने वाले जावेद, सोनू और मलिक को एकत्रित किया। पांचों ने बलविंदर के मकान में पहुंचे और सीढ़ी के माध्यम से पांचों मकान के अंदर घुसे और मारपीट करते हुए लूट की। एसपी का कहना है कि फरार बदमाशाें की तलाश में दबिश दी जा रही है। बदमाशों के पास से लूटी गई एक लाख एक हजार की नकदी, दो जोड़ी पॉजेब, दो तमंचे, कारतूस और घटना में प्रयुक्त की गई बाइक बरामद की है।
हां, यहीं है जिसने लूट की थी
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान बदमाशों को देखने के लिए पीड़ित परिवार भी पहुंचा। प्रोपर्टी डीलर ने कहा कि घायल बदमाशों ने ही लूट की वारदात को अंजाम दिया था। साथ ही परिवार के अन्य सदस्यो के साथ भी मारपीट की थी।
लूट की बाद पटियाला में की मौज मस्ती
झिंझाना थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि लूट के बाद पांचों आरोपी सबसे पहले दभेड़ी के जंगल में पहुंचे। जहां पर करीब चार घंटे तक रहे। इसके बाद पंजाब के पटियाला में चले गए। जहां पर दावत में लूटे गए रुपये खर्च किए। इसके बाद वह कुछ समय के लिए घर पर भी आ ए थे।
20 से लेकर 34 साल के बीच है आरोपियों की उम्र
पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी अनस जहां पांचवीं तक पढ़ा हुआ है वहीं सिमरनजीत सातवीं तक पढ़ा हुआ है। फरार अन्य आरोपी भी कम पढ़े लिखे हैं। पिछले कुछ समय से कैराना और आसपास क्षेत्र में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
मोबाइल और कागजात जला दिए थे
बदमाशों ने पुलिस की पूछताछ में खुलासा किया है कि प्रोपर्टी डीलर के मकान से उन्होंने एक मोबाइल फोन भी लूटा था। दभेड़ी के जंगल में जला दिया था। उन्हें डर था कि मोबाइल फोन के कारण उनकी लोकेशन को पुलिस ट्रेस कर सकती है। इसके अलावा बाइक के कागजात भी जलाकर राख कर दिए थे।