शामली। प्रदेश के गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। विकास कार्यों में लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। सोमवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक के दौरान गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का जनमानस को लाभ दिलाएं।
सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव में जाकर लोगों की समस्याएं सुनी जाएं तथा त्वरित निस्तारण किया जाए। सीएमओ को निर्देश दिया कि जलालाबाद और गढीपुख्ता में डाक्टर की नियमित रूप से तैनाती की जाए। जिला गन्ना अधिकारी को निर्देश दिया कि गन्ना मूल्य भुगतान समय से कराया जाए।
लघु सिंचाई विभाग के अधिकारी को निर्देश दिया कि रीबोर होने वाले नलकूपों में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता से कहा कि खराब हुए विद्युत ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलवाया जाए। विभागीय अधिकारी अपने क्षेत्र का भ्रमण अवश्य करें और लोगों से बात करके उनकी समस्याओं का समाधान करने के साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी दें।
इस दौरान एसपी डाॅ. अजयपाल शर्मा, एडीएम केबी सिंह, सीएमओ राजकुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता सुनील कपूर, जिला विकास अधिकारी बलराम कुमार, एसडीएम सुरजीत सिंह, सीओ सिटी अशोक कुमार, तहसीलदार राकेश त्यागी आदि अधिकारी मौजूद रहे।